आजमगढ़। जिला योजना समिति के दो सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी हो गई। 20 मार्च को नामांकन और 28 मार्च को मतदान और मतगणना होग।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि नगरीय निकायों में से एक महिला अनारक्षित वर्ग और एक अन्य पिछड़ा वर्ग से जिला योजना समिति के सदस्य का चुनाव होना है। इसके लिए 20 मार्च को नेहरू हॉल सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन होगा। शाम चार बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। 24 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन वापसी होगी। 28 मार्च को सुबह आठ बजे से शाम तीन बजे तक मतदान होगा और शाम तीन बजे से मतगणना होगी। इसके लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य नौ मार्च से शुरू हो जाएगा। नामांकन पत्रों का विक्रय मूल्य अनारक्षित वर्ग के लिए 500 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 250 रुपये निर्धारित है। एक प्रत्याशी अधिकतम तीन प्रतियों में नामांकन प्रस्तुत कर सकता है। एक व्यक्ति केवल एक वर्ग के लिए ही नामांकन प्रस्तुत कर सकता है। एक से अधिक वर्ग के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने पर सभी नामांकन पत्र अवैध हो जाएंगे। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने उप संचालक चकबंदी रमेश यादव और अपर मुख्य अधिकारी एके सिंह को सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित किया है।