मेजवां। फूलपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 56 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन 100 शैया युक्त उच्चीकृत चिकित्सालय एंव ट्रामा सेंटर का निर्माण धनाभाव के कारण रुक गया है। क्षेत्र के लोगों ने चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की है।
बता दें कि फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. रामनरेश यादव के प्रयास से 25 शैया वाला केंद्र बनाया गया। लेकिन संसाधनों के अभाव में गंभीर मरीजों की भर्ती नहीं किया जाता था। इस समस्या को देखते हुए फूलपुर तहसील मुख्यालय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव के प्रयास से तत्कालीन प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार ने 56 करोड़ रुपये की लागत से ट्रामा सेंटर के निर्माण के लिए धन स्वीकृत किया था। ट्रामा सेंटर अक्तूूबर 2017 तक बन कर तैयार होने की बात कही गई थी। शुरुआती दौर में कार्य तेजी से हुआ। ट्रामा सेंटर का एक तल बनकर भी तैयार हो गया।
लेकिन धनाभाव के कारण के अब निर्माण कार्य पूरी तरह से रुक गया है। यहां तक इसमें काम करने वाले रांची, बिहार से आए मिस्त्री और मजदूर अपने घर चले गए हैं। इस बाबत आवास विकास निगम के एई सीबी सिंह ने बताया कि धनाभाव के कारण ट्रामा सेंटर का निर्माण रोक दिया गया है। शीघ्र ही प्रदेश सरकार ने तीन करोड़ रुपये निर्माण के लिए स्वीकृत किया है, जैसे ही कार्यदायी संस्था के खाता में धन आएगा, ट्रामा सेंटर का कार्य शुरू हो जाएगा।
गंभीर हालत में किया जाता है आजमगढ़-बनारस रेफर : फूलपुर सीएचसी में गंभीर रूप से घायलों के इलाज के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण गंभीर हालत में मरीजों की भर्ती नहीं किया जाता है। सुविधाओं के अभाव में मरीजों को जिला अस्पताल या वाराणसी भेजना मजबूरी बन चुकी है। गंभीर हालत में इतनी दूरी तय करने में कई मरीजों की बीच में ही जान चली जाती है। 50 किमी दायरे को लोगों को उम्मीद है कि 100 बेड का ट्रामा सेंटर बनने से वो हर सुविधा उपलब्ध होगी, जो जनपद के अस्पताल में है।