यूपी, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाओं के बाद अब मदरसा बोर्ड की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। जिले में लगभग सात हजार परीक्षार्थिंयों के लिए जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सीसीटीवी की निगहबानी में कराई जा रही है। सख्ती की वजह से पहले ही दिन 30 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जिले में मदरसा बोर्ड के तहत 64 मदरसों का संचालन किया जा रहा है। सोमवार को सुबह की पाली में मुंशी, मौलवी और शाम की पाली में आलिम और कालिम की परीक्षा हुई। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों को बनाया गया है।
कुल 14 परीक्षा केंद्रों पर सीसी टीवी की निगहबानी में परीक्षा संपन्न करायी जा रही है। परीक्षा में सख्ती के चलते पहले ही दिन लगभग 2100 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी/परीक्षा प्रभारी मदरसा बोर्ड साहित्य निकष सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान यदि कोई परीक्षार्थी नकल करते अथवा कोई शिक्षक अथवा अभिभावक नकल कराते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। यूपी बोर्ड की भांति ही नकल करने और कराने वालों को जेल भेजा जाएगा।
सात सेक्टर व 15 स्टैटिक मजिस्ट्रेटो की तैनाती
मदरसा बोर्ड की परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए यूपी बोर्ड की तर्ज पर ही सारी व्यवस्थाएं की गई है। मदरसा बोर्ड का संचालन जिला अल्पसंख्यक कार्यालय करा रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा सात सेक्टर मजिस्ट्रेट भी परीक्षा पर नजर रखे हुए है। वहीं चार उड़नदस्ते भी गठित किए गए हैं।
मुबारकपुर में बनाये गये तीन परीक्षा केंद्र
अमिलो। मदरसा बोर्ड की परीक्षा के लिए मुबारकपुर क्षेत्र में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 18 सौ पंजीकृत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। मुबारकपुर क्षेत्र में बनाये गये परीक्षा केंद्रो में अंसार गल्र्स इंटर कालेज पर पहले दिन सुबह की पाली में 176 परीक्षार्थियो में 141 और शाम की पाली में सभी 24 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
अशरफिया इंटर कालेज केंद्र पर दोनो पालियों में 379 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 76 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी क्रम में एमपी इंटर कालेज दोनो पालियों में 1191 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 186 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी एसएन सिंह और वक्फ इंस्पेक्टर मनोज राय ने एमपी इंटर कालेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण भी किया।