आजमगढ़। शिब्ली और चण्डेश्वर पीजी कालेज के छात्रोंने भावी विश्वविद्यालय को जिला मुख्यालय के करीब बनवाने की मांग को लेकर सोमवार को एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय दूर गया तो उग्र आंदोलन होगा।
श्री दुर्गा जी पीजी कालेज के अध्यक्ष संदीप कुमार, शिब्ली कालेज के छात्रनेता समर प्रताप सिंह, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के निशान्त राय टीपू ने कहा कि जब अन्य जिलों में 40-50 एकड़ में विश्वविद्यालय बन चुका है तो आजमगढ़ में 100 एकड़ जमीन क्यों तलाश की जा रही है। जिला मुख्यालय के आसपास जमीनें उपलब्ध हैं, तो लालगंज व मार्टीनगंज के लिए प्रयास क्यों किया जा रहा है। वैसे भी लालगंज के समीप ही जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्थित है। यदि विश्वविद्यालय मुख्यालय से दूर बना तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन होगा। छात्र नेता अभिषेक राय ने कहा कि लालगंज के लोग जिला बनाने की मांग कर रहे है। यदि लालगंज जिला बन गया तो आजमगढ़ मण्डल मुख्यालय होने के बाद भी आजमगढ़ विश्वविद्यालय विहीन ही रहेगा। लंबे आंदोलन के बाद प्रदेश सरकार ने राज्य विश्वविद्यालय की घोषणा की है। इसको लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। अवनीश राय, सीटू चौबे, धर्मेंद्र यादव, अविनाश सिंह, संतोष सिंह, विशाल दुबे, राजेश यादव, राजेंद्र कुमार, रूदल सोनकर, गुलाब चंद गौतम, कैलाश प्रसाद आदि उपस्थित रहे।