आजमगढ़। ग्राम पंचायतों में 14 वें वित्त के तहत स्वीकृत कार्यों के लिए शासन ने द्वितीय किस्त के रूप में मंडल के तीनों जिलों आजमगढ़, बलिया व मऊ के लिए एक अरब 73 करोड़ 56 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे पूर्व स्वीकृत अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूर्ण कराया जाएगा।
राज्य सरकार के 14 वें वित्त के तहत मिली धनराशि से ग्राम पंचायतों में सीसी रोड, नाली निर्माण समेत अनेक कार्य कराये जाते है। वित्तीय वर्ष 2018-19 में इस वित्त के तहत स्वीकृत हुए कार्यो को पूर्ण कराने के लिए शासन ने द्वितीय किस्त की धनराशि जारी की है। आजमगढ़ मंडल को मिले एक अरब 73 करोड़ 56 लाख रुपये में सर्वाधिक धनराशि आजमगढ़ जिले के लिए जारी की गई है। आजमगढ़ को 79 करोड़ 22 लाख 81 हजार 485 रुपये मिले हैं। वहीं बलिया जिले को 55 करोड़ छह लाख, 99 हजार 374 रुपये की धनराशि जारी की गई है। इसके साथ ही मंडल के मऊ जिले के लिए सरकार ने 39 करोड़ 28 लाख छह हजार 674 रुपये अवमुक्त किए है। 14 वे वित्त के तहत मिली इस धनराशि से पूर्व में स्वीकृत होने के बाद आधे-अधूरे पड़े विकास कार्यो को पूर्ण कराया जाएगा। द्वितीय किस्त की धनराशि न मिलने से मंडल के तीनों जिलों में काफी संख्या में विकास कार्य अवरुद्घ पड़े हुए है।