आजमगढ़। ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति के अध्यक्ष शांति शरण सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि एआर कोआपरेटिव एवं बीडीओ अतरौलिया आरके द्विवेदी ने वार्ता के लिए अपने कक्ष में बुलाया और बिना वार्ता किए गाली देकर भगा दिया। समिति ने पत्रक देते हुए कहा कि जब तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी हम सभी उनके अधीन कार्य नहीं करेंगे। समिति ने बताया कि एआर कोआपरेटिव एवं बीडीओ आरके द्विवेदी ने बलवंत कुमार ग्राम पंचायत अधिकारी और जयनाथ राम ग्राम विकास अधिकारी को प्रशिक्षण के लिए पंचायत रिसोर्स सेंटर बैठौली भेजा। इसी दौरान उनके द्वारा उक्त कर्मचारियों को निलंबित करने के लिए संस्तुति करते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों के यहां पत्र प्रेषित कर दिया गया। इसी प्रकरण पर वार्ता के लिए समन्वय समिति के अध्यक्ष ने समय लिया था। अध्यक्ष शांति शरण सिंह का कहना है कि मुझे वार्ता के लिए अपने कक्ष में बुलाया, वार्ता न करके मुझे गाली देकर भगा दिया गया। समन्वय समिति के सभी पदाधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया कि ऐसी परिस्थिति में आरके दुबे के अधीन कार्य नहीं किया जाएगा। साथ ही इस प्रकरण की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग किया। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार, महामंत्री रमेश शुक्ल के अलावा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।