लाटघाट। सगड़ी तहसील के हरैया ब्लाक सभागार में सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बनकटा गांव के ग्राम प्रधान लौहर यादव को स्वच्छता में उत्कृष्ठ कार्य के लिए प्रदेश सरकार और अमर उजाला की ओर से स्वच्छता जागरूकता पहल प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
बताते चलें कि स्वच्छता को लेकर प्रदेश सरकार और अमर उजाला द्वारा चलाई जा रही मुहिम के तहत कार्यक्रम का आयोजन कर स्वच्छता में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों और सचिवों को सम्मानित किया गया था। जिसमें लौहर यादव का नाम भी शामिल था। लेकिन किसी कारण से वह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। सोमवार को हरैया ब्लाक परिसर में कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें यह प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह प्रशस्ति पत्र उन्हें ब्लॉक प्रमुख दुलारी देवी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष सिंह, एडीओ पंचायत हरैया जयप्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। एडीओ पंचायत ने कहा कि लौहर यादव ग्राम प्रधान बनकटा को जीवन का ढंग बनाने और लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक करके समाज के बड़े तबके को मलीनता से दूर ले जाने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने लोगों को स्वच्छता की मशाल थमाई और भावी पीढ़ी को नई राह दिखाई है। प्रशस्ति पत्र मिलने पर लौहर यादव ने कहा कि प्रशस्ति पत्र मिलने से मेरा हौसला बढ़ा है। साथ ही इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वह अपने गांव में स्वच्छता की अलख जगाएं ताकि लोग गंदगी और बीमारियों से दूर रहें।