बूढनपुर। सरकार के सेव एनर्जी का नारा तहसील क्षेत्र में पूरी तरह से हवा-हवाई साबित हो रहा है। शहर की तरह गांव के चट्टी-चौराहों और बाजारों में सांसद-विधायक निधि के माध्यम से स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। जो दिन में सूरज को रोशनी दिख रहीं हैं।
बूढनपुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के चट्टी-चौराहों और बाजारों में स्ट्रीट लाइन की व्यवस्था है। लेकिन दिन इन लाइटों को बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते विद्युत सप्लाई चालू रहने पर यह लाइट सूरज को रोशनी दिखाने का काम करती है। ग्रामीण इलाके में लगे इन लाइटों के बिजली बिल का भुगतान कैसे होता है यह किसी को नहीं पता है। चोरी से कटिया कनेक्शन के माध्यम से बिजली जलाने वालों के खिलाफ बिजली विभाग जहां सख्त कदम उठा रहा है वहीं इसी माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में लगे स्ट्रीट लाइटों का भी संचालन हो रहा है, लेकिन बिजली विभाग भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शासन-प्रशासन का सेव एनर्जी का नारा पूरे क्षेत्र में हवा-हवाई साबित हो रहा है। काफी कुरेदने पर एसडीओ अतरौलिया ने अंबुज तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के स्ट्रीट लाइट ग्राम सभा की संपत्ति है। ग्राम प्रधान को इसके लिए कनेक्शन लेकर बिल का भुगतान करना पड़ेगा। ऐसा न करने वाले ग्राम प्रधान के खिलाफ विभाग प्राथमिकी दर्ज कराएगा।