निजामाबाद। तहसील क्षेत्र के खतीरपुर गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को गांव में जाने वाले मुख्य मार्ग की दुर्दशा को लेकर तहसील के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम निजामाबाद के माध्यम से मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजने का निर्णय लिया।
निजामाबाद तहसील के ठीक सामने से खतीरपुर गांव से होकर और गांवों को जोडने वाले मुख्य मार्ग की हालत इन दिनों काफी खस्ता है। मार्ग में जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए है। जिसके कारण आए दिन लोग इसमें गिरकर घायल होते रहते हैं। कई बार गांव के लोगों ने क्षेत्र के सांसद और विधायक को लिखित शिकायत दी। लेकिन आज तक मार्ग की मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि हमारी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके कारण मजबूर होकर आज हमें प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ा। अगर इसके बाद भी गांव के इस मुख्य मार्ग की मरम्मत नहीं हुई तो हम सड़क पर उतर कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान एसडीएम निजामाबाद के माध्यम से मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र सौंपने का निर्णय लिया गया। रामआसरे विश्वकर्मा, हरिराम, छोटेलाल, रामदेव, रामवृक्ष, शिवप्रसाद, लक्ष्मी, पलकधारी, संजय जायसवाल, सुजीत हरिजन आदि उपस्थित थे।