आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को छह सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह से मिला। उन्होंने ज्ञापन सौंप मांगों को पूरा करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष हरिद्वार सिंह पालीवाल ने कहा कि जिले में लेखपाल ग्राम समाज की भूमियों से अतिक्रमण हटाने का कार्य कर रहे हैं। जेसीबी मशीन का भुगतान लेखपालों से दबाव बनाकर कराया जा रहा है। मतदाता सूची पुनरीक्षण आदि में लेखपालों की ड्यूटी सुपरवाइजर के पद पर लगाई गई जिसका मानदेय कई माह से निर्वाचन कार्यालय में पड़ा है। इसका तत्काल भुगतान कराया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में तहसीलों में उच्चाधिकारियों द्वारा शासनादेश की आड़ में लेखपालों का शोषण और दोहन किया जा रहा है। जिसे संगठन बर्दास्त नहीं करेगा। उन्होंने मांग पूरी न होनें पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रतिनिधिमंडल में पंकज अस्थाना, अमित पांडेय, जितेंद्र सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।