आजमगढ़। प्रधानमंत्री आवास शहरी आवास योजना में धीमी प्रगति और कांशीराम आवासों से अपात्रों का बाहर कर पात्रों का आवंटन न करने की गाज पीओ डूडा पर गिर ही गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम प्रशासन ने धीमी प्रगति और कार्यों के प्रति हीलाहवाली पर परियोजना अधिकारी नगरीय विकास अभिकरण को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में शासन से 3898 आवासों को मंजूरी दी गई है। अभी तक इसमें 2533 आवासों की जीयो टैगिंग कराई गई है। 2500 आवासों को निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की गई है। सिर्फ 505 आवासों को ही अभी दूसरी किस्त जारी की गई है। कुल पूर्ण आवासों का प्रतिशत 3.44 है। 10 अक्तूबर से 22 तक आवास योजना की समीक्षा की गई तो प्रगित संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके साथ ही जनपद में निर्मित कांशीराम आवासों में अभी भी कई अपात्र डेरा जमाए हुए हैं। पिछले पांच माह से कई बार अपात्रों को बाहर का पात्रों को आवास आवंटन करने के कई निर्देश दिए गए, इसके बाद भी अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दोनों की कार्यों में धीमी प्रगति और कार्यों के प्रति हीलाहवाली के लिए परियोजना अधिकारी नगरीय विकास अभिकरण डॉ. महेंद्र प्रसाद को एडीएम प्रशासन ने प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है।
आवास निर्माण में ढिलाई, पीओ डूडा को प्रतिकूल प्रविष्टि