आजमगढ़। सिधारी हाईडिल परिसर में बिजली विभाग द्वारा पोधरोपण अभियान में सिर्फ खानापूर्ति की गई है। जिसके चलते ही परिसर में लगाए गए ज्यादातर पौधे मृत हो चुके है। पौधरोपण के दौरान जिन पौधो का रोपण किया गया गया है, उनके जड़ों में लगी प्लास्टिक और पुआल को भी नहीं हटाया गया है, जिसके चलते ही पौधे सुख गये है। बिजली विभाग द्वारा सिधारी हाईडिल परिसर में ही 1107 पौधे स्वतंत्रता दिवस पर रोपित किये जाने का दावा किया गया है। लेकिन वास्तव में परिसर में इतने पौधे रोपित ही नहीं किये गये है। साथ ही जो पौधे रोपित भी किये गये है, उसमें सिर्फ खानापूर्ति ही की गई है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि रोपित किये जाने वाले पौधे के जड़ों में मिट्टी को बांधे रखने के लिए लगी प्लास्टिक को भी नहीं हटाया गया है, वहीं गड्ढे में पौधा रोपित करने के बाद मिट्टी भरने में भी कोताही बरती गई है। इससे हाईडिल परिसर में लगाये गये ज्यादातर पौधे मृत हाल में पहुंच चुके है। वहीं इस संबंध में जिला प्रशासन शिकायत के बाद जांच कराने की बात तो कह रहा है, लेकिन यह जांच कब होगी यह नहीं बताया जा रहा है।
हाईडिल परिसर में हुए पौधरोपण में जो भी शिकायत मिल रही है, उसकी जल्द जांच करायी जाएगी। रविवार होने के चलते आज जांच नहीं करायी जा सकी है। - शिवाकांत द्विवेदी, जिलाधिकारी आजमगढ़।