मुबारकपुर। जिले के दो तहसीलों सगड़ी और सदर के दर्जनों गांव को जोडने वाले बलिया कल्याणपुर पुल का एप्रोच बनाने का कार्य बुधवार को शुरू हो गया। ठेकेदार जेसीबी लगा कर एप्रोच निर्माण के लिए मिट्टी पाटने की कवायद शुरू कर दिया है।
मुबारकपुर के बलिया कल्याणपुर गांव में तमसा नदी पर पंद्रह वर्षो पूर्व लाखों की लागत से पुल का निर्माण कराया गया था। इस पुल का निर्माण शुरू होने पर आसपास के दर्जनों ग्रामों के लोगों में खुशी व्याप्त हो गई थी। पुल के बन जाने से जहां दो तहसीले सदर और सगड़ी आपस में जुड़ गई है तो वहीं जिला मुख्यालय पहुंचने में भी ग्रामीणों को आसानी होगी। ग्रामीणों का सपना उस समय चकनाचूर हो गया जब पुल निर्माण का काम पूरा होने के बाद ठेकेदार बिना एप्रोच को बनाए ही गायब हो गया और लाखों की लागत से बना पुल एप्रोच मार्ग के अभाव में शोपीस साबित होने लगा। अमर उजाला ने 29 जनवरी के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से उजागर किया। जिस पर प्रशासन की कुंभकर्णी नींद टूटी और बुधवार से एप्रोच मार्ग का निर्माण शुरू हो गया।