गत दिवस अधिकारियों की ओर से धान खरीद केंद्र की हुई चेकिंग में छह केंद्र बंद मिलने पर जिलाधिकारी ने तेवर कड़े कर लिए हैं। उन्होंने खरीद से जुड़े अधिकारियों की आवास पर रविवार को मीटिंग ली। सभी केंद्र प्रभारियों का सोमवार से प्रत्येक दशा में खरीद करने के निर्देश दिए हैं। खरीद न होने की दिशा में निलंबन और एफआईआर की चेतावनी दी गई है। साथ ही कहा कि अब किसी को और अवसर नहीं मिलेगा। धन खरीद को शासन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हर केंद्र की खरीद की सूचना उन्हें सोमवार शाम सात बजे तक उपलब्ध हो जाना चाहिए।
प्रदेश ने धान खरीद को अपनी प्रमुखताओं में रखा है। इसको लेकर समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को भी चेताया जाता रहा कि समय पर सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल कर लें और खरीद में किसी तरह की लापरवाही न बरतें। खरीद में लापरवाही बरतने पर पिछले दिनों उप निदेशक मंडी अमिताभ शुक्ला पर निलंबन और बलिया के मंडी सचिव से चार्ज छीनने की कार्रवाई भी हो चुकी है। इसके बाद भी अधिकारियों की ओर से शनिवार के कई क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया तो छह केंद्र बंद पाए गए और कई केंद्रों पर खरीद होती नहीं पाई। मंडी परिषद स्थित यूपी एग्रो के खरीद केंद्र पर खरीद न होने पर कमिश्नर के रविंद्र नायक भी नाराजगी जता चुके हैं। रविवार को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने धान खरीद को लेकर सभी अ धिकारियों की बैठक अपने आवास पर ली। स्पष्ट आदेश दिए कि सोमवार को जिन केंद्र पर खरीद नहीं हुई उस केंद्र प्रभारी और संबधित अधिकारी पर निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को सभी केंद्रों पर खरीद कर इसकी सूना शाम सात बजे तक उन्हें उपलब्ध कराई जाए। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व वीके गुप्ता, डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल आदि उपस्थित थे।