आजमगढ़ के तहबरपुर में गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए ली गई जमीन का मुआवजा न मिलने से किसान में आक्रोश पनप रहा है। नाराज किसानों की ओर से आंदोलन की रणनीति बनाई जा रही है। गुरुवार को ओरा गांव के किसानों ने प्रदर्शन कर वृहद आंदोलन की चेतावनी दी।
वाराणसी से हल्दिया तक गैस पाइप लाइन बिछाई जा रही है। ये जनपद में भी कई गांवों से होकर गुजर रही है। क्षेत्र के सोढरी, रघुनाथपुर, भूइधरपुर, रैसिंगपुर, कोठियार, ओरा भीतरी, गौरा, अमिलाई आदि गांवों से होकर पाइपलाइन जा रही है। इसमें किसानों की भी जमीन ली गई है लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। इसे लेकर किसान आक्रोशित हैं। जमीन के बगैर बैनामा कराए गैस पाइप लाइन बिछाई जा रही है। ग्रामीणों की शिकायत है कि कंपनी के अधिकारी ने अभी तक कोई शेड्यूल नहीं बताया है। जमीन का मुआवजा तो दूर आज तक तीन फसलों का मुआवजा भी नहीं मिला। उल्टे बलपूर्वक जमीन लेने की धमकी दी जा रही है। भाकपा माले के नेतृत्व में मुआवजा न मिलने से खिन्न ओरा गांव के किसानों ने गुरुवार को खनन स्थल पर बैठकर प्रदर्शन किया। कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंच कर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करते हम अपनी जमीन नहीं देंगे। जमीन का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर उनकी मुआवजा नहीं मिलता है तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। किसानों के विरोध के बाद कंपनी के कर्मचारी वापस चले गए। रामजीत, कोमल, संजय,करिया यादव, हरिचरन, मुन्शीराम, राजेन्द्र, बुधिराम, शैलेश राय, यमुना प्रसाद मौजूद रहे।