आजमगढ़। बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय में गुरुवार को भाजपा के जिला महामंत्री व बेसिक शिक्षाधिकारी के बीच हुए हंगामे में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया है। भाजपा महामंत्री ने अपना पक्ष सामने रखते हुए बेसिक शिक्षाधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा जिलाध्यक्ष व कोर कमेटी ने कार्रवाई न होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाजपा जिला महामंत्री ध्रुव सिंह ने गुरुवार को किसी काम के लिए बीएसए को फोन किया था। किन्हीं कारणों से बीएसए ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद भाजपा महामंत्री बीएसए कार्यालय पहुंच गये और फिर फोन न उठाने की बात को लेकर बीएसए व भाजपा नेता के बीच कहासुनी हो गई। जिलामंत्री ध्रुव कुमार सिंह ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि बीएसए कार्यालय में उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं मौके पर मौजूद शिक्षक रिंकू सिंह ने उन्हें धक्का देकर कार्यालय से बाहर तक कर दिया। ध्रुव सिंह ने बताया कि उन्होंने पूरे प्रकरण को जिलाध्यक्ष के साथ ही कोर कमेटी के समक्ष रख दिया है जिसमें बीएसए के खिलाफ कार्रवाई और स्थानांतरण की मांग की गई है। तीन दिन के अंदर यदि बीएसए के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो इस मुद्दे पर आंदोलन की भी रणनीति बनाई जा रही है।
धक्का मुक्की करने वाले शिक्षक पर गिरी गाज, निलंबित
आजमगढ़। बीएसए कार्यालय पर गुरुवार को हुई घटना में भाजपाइयों द्वारा आरोपी बनाये गए शिक्षक पर शुक्रवार को गाज गिर गई। बीएसए देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा नेताओं ने यह शिकायत की थी कि गुरुवार को पल्हना ब्लाक क्षेत्र में तैनात शिक्षक कुंवर तरूणेश सिंह उर्फ रिंकू सिंह पर जिला महामंत्री के साथ दुर्व्यवहार किया था। भाजपाइयों की मांग पर दृष्टया शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।