आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के एक ऐडेड विद्यालय पर प्रवेश पत्र के नाम पर वसूली मामले की जांच होगी। सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ स्थित एक प्रतिष्ठित एडेड विद्यालय का वीडियो व ऑडियो वायरल हुआ था। वीडियो में जहां छात्रों ने विद्यालय प्रशासन पर प्रवेश पत्र के नाम पर 100-100 रुपये की वसूली किए जाने का आरोप लगाया था तो वहीं ऑडियो में प्रधानाचार्य भी बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था के नाम पर रुपये वसूले जाने की बात को स्वीकार कर रहे थे। ऑडियो-वीडियो वायरल होने और समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने पर प्रशासनिक अमला जाग गया है। एसडीएम सदर वर्तमान में उक्त विद्यालय के कंट्रोलर भी है। उनकी देखरेख में संचालित हो रहे विद्यालय में अवैध वसूली का प्रकरण सामने आया है। मंगलवार को ही जांच की कवायद शुरू हो गई होती लेकिन तहसील दिवस के चलते मंगलवार को कोई जांच टीम विद्यालय पर जांच के लिए नहीं पहुंची। बुधवार को संभावना है कि एसडीएम सगड़ी के साथ ही डीआईओएस की तरफ से भी जांच की कवायद शुरू कर दी जाए।
प्रवेश पत्र के नाम पर पैसा लेने का मामला काफी गंभीर है। इस प्रकरण की निश्चित तौर पर जांच करायी जाएगी और यदि आरोप पुष्ट होते है तो कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को मैं स्वयं विद्यालय पर पहुंच कर अवैध वसूली के इस प्रकरण की जांच करूंगा।
पंकज कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम सगड़ी/कंट्रोलर, ऐडेड विद्यालय।
फिलहाल कोई जांच टीम तो गठित नहीं की गई है, लेकिन मामला संज्ञान में और जांच की कवायद शुरू करने की रणनीति तैयार की जा रही है। जल्द ही जांच टीम गठित कर प्रकरण की जांच करायी जाएगी और दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
डॉ. वीके शर्मा, डीआईओएस, आजमगढ़।