आजमगढ़। विकास खंड महराजगंज के शंकरपुर ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मी संतोष कुमार सिंह को गुरूवार को डीपीआरओ आनंद प्रकाश ने निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी पर यह कार्रवाई सहायक विकास अधिकारी पंचायत की शिकायत पर किया गया है। सफाईकर्मी संतोष सिंह दो माह से बिना बताये ड्यूटी से गायब चल रहा है। निलंबन की अवधि में सफाईकर्मी विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ रहेंगे।
तालबंदी करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। बीआरसी जहानागंज पर तालाबंदी का प्रकरण तूल पकड़ता जा रहा है। सह समन्वयक ज्ञानोदय अनुश्रवण एसोसिएशन ने गुरुवार को बीएसए को पत्रक देकर तालाबंदी करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अध्यक्ष अमित कुमार राय ने पत्रक में बताया कि बीआरसी जहानागंज पर तालाबंदी के एक दिन पूर्व जो कुछ भी हुआ वह मानदेय को लेकर हुआ। जिसकी जवाबदेही कहीं से ट्रेनर व एबीआरसी की नहीं होती है। इतना ही नहीं मानदेय से संबंधित कोई धनराशि भी हमारे खाते में नहीं आती है। इसके बाद भी हम एबीआरसी के साथ आऐ दिन ऐसी घटनाएं होती रहती है। पत्रक में बीआरसी जहानागंज पर तालाबंदी करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। पत्रक देने वालों में नंदलाल यादव, जंग बहादुर सिंह आदि शामिल रहे।
समस्याओं का समाधान करने का डीएम ने दिया आदेश
आजमगढ़। पूर्वांचल विकास आंदोलन का प्रतिनिधि मंडल संयोजक प्रवीण सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला और तमसा और शहर के पोखरों के संबंध में सुझाव देने के साथ ही बड़ा गणेश मंदिर के बगल के नाले के बारे में पत्रक दिया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने के बाद संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई किए जाने का आदेश दिया। इस दौरान डा. पूनम सिंह, गीता सिंह, अनिल राय, विनीता सिंह, अनिल सहगल, विनीत सिंह रिशू को तमसा सफाई अभियान सहयोग देने को लेकर अंगवस्त्र और प्रमाण पत्र दिया गया। इस मौके पर नित्यानंद मिश्रा, शरद कुमार सिंह, नंद कुमार बरनवाल, उमेश सिंह, तेज प्रताप सिंह, जेपी सिंह, सीपी यादव, राहुल सिंह, रितेश गोयल, अरविंद चित्रांश आदि उपस्थित रहे।