आजमगढ़। जिला पंचायत की बैठक शनिवार को नेहरू हाल सभागार में हुई। जिसमें पिछले वित्तीय वर्ष के कार्य योजना का अनुमोदन करने के साथ ही नये वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस दौरान मनरेगा के तहत 250 करोड़ का लेबर बजट अनुमोदित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी जिला पंचयत सदस्यों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पिछली बैठक के कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके साथ ही जिला पंचायत के अधीन आने वाले विभागों के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला योजना एवं राज्य वित्त योजना वर्ष 2018-19 की कार्य योजना बनाये जाने के लिए सदन में सदस्यों ने विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान वर्ष 2017-19 के संपत्ति और विभव कर सूची का भी अनुमोदन हुआ। मनरेगा योजना के तहत 2018-19 के लिए 205 करोड़ रुपये का लेबर बजट भी सदन में अनुमोदित किया गया। अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने सदन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्त करने की घोषणा किया। इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी एके सिंह, पूर्व अध्यक्ष हवलदार यादव, रामकुंवर यादव सहित समस्त महाप्रधान मौजूद रहे।
क्षेत्र पंचायत की बैठक में सभी प्रस्तावों पर लगी मुहर
अहरौला। पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेश्वर के प्रमुख चुने जाने के बाद दो साल तक विकास का कोई काम नहीं हो सका। जिसके कारण विकास का सारा धन खाते में ही पड़ा रहा। इसके बाद विपक्षी सुनीताराज के समर्थकों के द्वारा एसडीएम फूलपुर के यहां प्रमुख राजेश्वर द्वारा नामांकन मे गलत पता देने का मुकदमा दाखिल कराया गया। मुकदमा चल ही रहा था कि अगस्त में विधायक आरूणकांत यादव द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। जिसमे चौसठ लोगों ने बयान हल्फी देकर राजेश्वर को हटाने का प्रस्ताव डीएम को भेजा। 55 सदस्यों के द्वारा अविश्वास लाया गया। जिसमें सुनीता राज ब्लाक प्रमुख चुनी गई। शनिवार को शपथ ग्रहण के बाद क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। जिसमें सभी सदस्यों से एक सप्ताह में प्रस्ताव देने को कहा गया। सदस्यों द्वारा सभी कार्रवाई की पुष्टि की गई। सदन मे सदस्य योगेश पांडेय ने बड़े पैमाने पर ब्लाक पर खेल सामग्री के लिए धन निकालने और खेल सामग्री गायब होने की बात कही। जिस पर बीडीओ राकेश सिंह ने जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर एडीओ समाज कल्याण, एडीओ पंचायत अमरजीत सिंह, विजय प्रताप यादव, योगेश पांडेय, रवींद्र यादव, जगदंबा दुबे, महेंद्र सिंह, आनंद पांडेय, बसंत लाल आदि उपस्थित थे।