सगड़ी। तहसील क्षेत्र के मदरसा माजिदा निस्वा अरबी कालेज चुनुगपार जीयनपुर में सोमवार को हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर जश्ने ईद मिलादुन नबी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र कुरान पाक के पाठ से हुआ।
मदरसे की छात्रा सना रब्बानी ने नात पाक प्रस्तुत किया और हजरत मोहम्मद साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सारे संसार के लिए वह दयालु कृपालु और जाति.धर्म के लिए रहमत बनकर उन्होंने इस दुनिया में पैर रखा। जब अरब के शहर तायफ़ वालों ने मोहम्मद साहब को पत्थरों से मारा तो उन को श्राप देने के बजाए उनके लिए दुआ खानी की। इतना ही नहीं जब मक्का के लोगों ने मोहम्मद साहब को शहर से निकाल दिया तो आठ हिजरी के समय उन्होंने मक्का शहर पर विजय पताका लहराते हुए अपने शत्रुओं से बदला न लेने के बजाए सभी को क्षमा करते हुए उनके लिए दुआ की। जब वह दुनिया में आए उस वक्त पूरी दुनिया में अज्ञानता का अंधकार था। लड़कियों को जिंदा दफन कर दिया जा रहा था और विधवाओं पर अत्याचार कर उनके जीवन को नारकीय बना दिया जाता था। उन्होंने एक विधवा से विवाह कर दुनिया को एक संदेश दिया जो पूरी दुनिया में जाना गया। प्रबंधक मु. गुलाम रब्बानी रिजवी ने कहा कि जिस उद्देश्य के तहत यह मदरसा कायम किया गया है उस तरफ तेजी से बढ़ते हुए लड़कियों को शिक्षित करना, आगे बढ़ाना और देश के लिए तैयार करने की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानाचार्य गुलाम यजदानी मिस्बाही ने कहा कि हमें कठिन परिश्रम और मेहनत करने की जरूरत है जिससे मदरसे को आगे बढ़ाया जा सके और लड़कियों की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दी जा सके। इस दौरान छात्राओं को अंगवस्त्रम और पुस्तकें आदि देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता माजिदा खातून और संचालन शफी मरियम ने किया। इस मौके पर गुलाम मोहम्मद रिजवी, कारी रियासत हुसैन, मोलवी साबिर, हाजी अनवारुल हक, शाह आलम कुरेशी, हाजी मोहम्मद अख्तर, शोएब खान, इम्तियाज अहमद, ईशान कुरेशी आदि उपस्थित थे।