आजमगढ़। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने राष्ट्रीय आवाहन पर बुधवार को दलालघाट स्थित पार्टी कार्यालय से 16 सूत्री मांगों को लेकर जुलूस निकाला। जुलूस नगर के विभिन्न रास्तों से होता हुआ अंबेडकर पार्क में आकर जनसभा में परिवर्तित हो गया। जनसभा के अंत में एडीएम वित्त एवं राजस्व को ज्ञापन दिया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कमेटी के सदस्य अधिवक्ता कामरेड हामिद अली ने कहा कि देश नेताओं से नहीं नीतियों से चलता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारों के पास कोई नीति नहीं है। इनकी जन विरोधी नीतियों के कारण सांप्रदायिक दंगे, अपराध और महंगाई में बढ़ोत्तरी होती जा रही है। भाजपा ने लोक सभा चुनाव के दौरान कालेधन से प्राप्त होने वाले धन को हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख भेजे जाने और दो करोड़ सरकारी नौकरी दिए जाने का वायदा किया था, लेकिन उसे तीन साल बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं किया। किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड इम्तेयाज बेग ने कहा कि भाजपा की सरकार किसान विरोधी है। जिलामंत्री श्रीकांत सिंह ने कहा कि अगली बैठक में रणनीति तय करके जन आंदोलन चलाया जाएगा। सभा में बीराम, जय प्रकाश राय, त्रिलोकीनाथ, जितेंद्र हरि पांडेय, कमला राय, रामआजोर यादव, राजनेत यादव, बसीर अहमद, मजनू, मखड़ू राजभर, गंगादीन, मुजम्मिल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।