विकलांग अनिल ने भी रक्तदान कर किया शहीदों को नमन
फोटो संख्या
आजमगढ़ (ब्यूरो)। एक तरफ जहां सामाजिक संगठन और महिला संगठन एक दूसरे की हौसला अफजाई करते हुए रक्तदान करने में मशगूल थे। वहीं विकलांग अनिल गौड़ भी रक्तदान करने के लिए ब्लड बैंक पहुंचे। पूछे जाने पर अनिल गौड़ ने कहा कि उसने दूसरी बार रक्तदान किया है। रक्तदान करने से उन्हें बहुत खुशी मिली। चूंकि यह रक्तदान देश के जवानों के लिए आयोजित था इसलिए वह अपने आपको रोक नहीं पाए और देवगांव से रक्तदान करने के लिए बस से ब्लड बैंक पहुंचे। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। जो जवान हमारे सरहद पर अपने खून की होली खेलते हैं। ऐसे जवानों के लिए जब भी मौका मिलेगा मैं रक्तदान करने से पीछे नहीं हटूंगा। विकलांग होने के कारण मैं सरहद पर तो जा नहीं सकता लेकिन अपने देश के किसी जवान की जान खून की कमी से नहीं हो इसका प्रयास तो मैं कर सकता हूं। मैं शारीरिक रूप से विकलांग भले हूं लेकिन इरादों से विकलांग नहीं हूं। मैं भी एक देशवासी हूं और देश के लिए कुछ भी कर सकता हूं।
------------------
इन संगठनों का रहा सहयोग
आजमगढ़। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में वैसे तो पूरे जनपदवासियों और कई सामाजिक संगठनों ने अपना भरपूर सहयोग दिया। इसके लिए हम उनके आभारी हैं लेकिन कुछ लोगों ने हमें विशेष सहयोग दिया। जिनमें लाइफ लाइन अस्पताल के निदेशक डा. पीयूष सिंह यादव, आजमगढ़ विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष एसके सत्येन, माई होम इंडिया के स्टेट सेक्रेटरी विश्वजीत सिंह पालीवाल और विश्व हिंदू परिषद के राधा मोहन गोयल प्रमुख हैं।
-----------------------
महिलाओं में दिखी सेल्फी की होड़
आजमगढ़। रक्तदान शिविर में रक्तदान करने के लिए आधी आबादी भी पूरी तैयारी के साथ पहुंची। इस दौरान कुल 11 महिलाओं ने रक्तदान किया। इनमें ज्यादातर महिलाओं ने पहली बार रक्तदान किया। रक्तदान करते समय महिलाओं में सेल्फी लेने की होड़ लगी हुई थी। इस खास पल को हर एक महिला अपने मोबाइल में कैद करने को आतुर दिखी। रक्तदान के बाद ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।
------------------------
156 लोगों ने कराया था पंजीकरण
आजमगढ़। अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में भाग लेने के लिए 156 लोगों ने पंजीकरण कराया था। काफी संख्या में लोग रक्तदान कराने पहुंचे इस दौरान 123 लोगों ने रक्तदान भी किया। कई लोगों को चिकित्सकों ने जांच के बाद रक्तदान करने से अयोग्य घोषित कर दिया। वहीं सात लोगों ने रक्तदान शिविर में न पहुंचने पर दुख जताया और कहा कि वह लोग गुरुवार को पहुंचकर रक्तदान करेंगे। गुरुवार को भी रक्तदान होने की संभावना है।