आजमगढ़। हर घर को बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने सौभाग्य योजना का संचालन किया है। इसके तहत नि:शुल्क कनेक्शन का वितरण बिजली विभाग द्वारा किया जा रहा है। सभी राजस्व ग्रामों के प्रत्येक मजरों को इस योजना के तहत बिजली की सुविधा से आच्छादित किया जाना है। 31 मार्च तक इस सौभाग्य योजना का संचालन विभाग द्वारा किया जाएगा।
सौभाग्य योजना के नोडल अधिकारी व अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर बताया कि शासन के निर्देश पर मंगलवार को जिले के सभी 4257 मजरों में सौभाग्य उत्सव मनाया जाएगा। इसके तहत सभी मजरों में जागरूकता को लेकर बैनर लगाने के साथ ही 85140 पंपलेटों का भी ग्रामीणों में वितरण होगा। विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को इस उत्सव में शामिल होकर आम जनता को योजना के प्रति जागरूक करने का फरमान जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत जिले के सभी मजरे बिजली की सुविधा से आच्छादित हो चुके है। इसके बाद भी कुछ मजरों में थोड़ा बहुत काम बचा हुआ है, जिसे जल्द पूर्ण करा लिया जाएगा। योजना के तहत बीपीएल परिवारों को जहां पूरी तरह से नि:शुल्क कनेक्शन दिया जा रहा है तो वहीं एपीएल परिवारों से पांच सौ रुपये लिया जा रहा है, जिसे नकद न लेकर बिल के साथ किश्तों में वसूल किया जाएगा। इतना ही नहीं योजना के तहत प्रत्येक कनेक्शन लेने वालों को मीटर किट, 40 मीटर केबल व एक एलईडी बल्ब भी मुफ्त में दिया जा रहा है। दिसंबर 2018 में ही जिला सौभाग्य योजना के तहत संतृत्प हो चुका है। जिसमें 584.50 करोड़ रुपये खर्च हुआ है। इतना ही नहीं इस योजना के तहत जिले में जहां दो नये सब स्टेशन स्थापित किए गए तो वहीं तीन अन्य की क्षमता का विस्तार किया गया है। प्रेसवार्ता के दौरान एसडीओ अजय मिश्रा समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।