आजमगढ़। हेलमेट लगाओ, जान बचाओ मुहिम को सार्थक करने के लिए नगर के हर्रा की चुंगी स्थित रेड रोज सिटी मांटेसरी स्कूल और गांधीगिरी टीम की ओर से बाइक चालकों को हेलमेट देकर जागरूक किया गया। एआरटीओ संतोष कुमार सिंह और यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार सिंह ने मुहिम की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधक अरुणयति ने बताया कि दुर्घटना पर ताला तभी लगेगा जब सभी बाइक चालक सुरक्षा के लिए हेलमेट की माला पहनेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी को लेकर गांधीगिरी टीम के साथ मंत्रणा हुई और निर्णय लेकर हमने लोगों को हेलमेट वितरित करना शुरू किया है। यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। गांधी गिरी टीम के संयोजक विवेक पांडेय ने कहा कि जीवन की सुरक्षा मात्र स्लोगनों के जरिये नहीं हो सकती है, इसके लिए जमीन पर उतरकर कार्य करना होगा। पहली बार में 20 हेलमेट बांटे गए। उन्हें गुलाब देकर अपील की गई कि वे खुद के लिए हेलमेट खरीदें और इस हेलमेट को अन्य लोगों को भी दें। ताकि यह मुहिम आगे तक पहुंचे। विनिता यति, सानिया, तबस्सुम, निवेदिता, प्रिया, जागृति, गीतांजलि, अन्नू, धीरज, सौरभ पांडेय, आशीष दुबे, सौरभ सिंह, मुन्ना, गौरीशंकर, जितेन्द्र तिवारी, बजरंग तिवारी, आशीष उपाध्याय, मुनमुन, पुरूषोत्तम, अभिषेक, अभिषेक सहित आदि लोग मौजूद रहे।