आजमगढ़। बाढ़, आग, भूकंप, लू, महामारी आदि के समय क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। इससे स्कूली छात्र और छात्राओं को अवगत कराने के लिए जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से नगर के पांच विद्यालयों में स्कूल सुरक्षा नीति के तहत जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एक जनवरी से किया जाएगा। जिसमें बच्चों को इस दौरान क्या करना चाहिए इसकी जानकारी दी जाएगी।
आपदाओं के समय सबसे ज्यादा प्रभावित विद्यालय होते हैं। ऐसे में विद्यालयों में आपदा के समय कम से कम नुकसान हो। इसके लिए जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से जिले के पांच विद्यालयों में स्कूल सुरक्षा नीति के तहत जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत एक जनवरी को श्री दुर्गाजी इंटर कालेज चंडेश्वर, दो जनवरी को शिब्ली नेशनल इंटर कालेज पहाड़पुर, तीन जनवरी को ज्योति निकेतन स्कूल अटलस पोखरा, चार जनवरी को केंद्रीय विद्यालय हीरापट्टी और पांच जनवरी को राजकीय बालिका इंटर कालेज में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी की ओर से सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिए गए हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एक जनवरी से पांच जनवरी तक आयोजित होंगे। कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिलाधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वह अपने यहां बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था, दो लीटर की आठ खाली बोतल ढक्कन सहित, दो बड़ी लाठी, एक बड़ा कंबल और 10 मीटर नारियल की रस्सी आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।