आजमगढ़। शहर के अराजीबाग मुहल्ले में समाजकल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्घ जन आश्रम पर दो वृद्घजनों का जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। केक काट कर मनाये गये इस कार्यक्रम से यहां रहने वाली वृद्घजनों में नई ऊर्जा का संचार हुआ। सभी ने खुशी के साथ अपने दो साथियों का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया।
कार्यक्रम की शुरूआत वृद्घाश्रम के अधीक्षक डॉ. सुजीत राय ने आश्रम पर रहने वाले शिवशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी द्वारा जन्मोत्सव केक काट कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ब्रहमस्थान चौकी प्रभारी पंकज यादव ने कहा कि वृद्धजन हमारे अनमोल धरोहर है, इनकी सेवा से बढ़ कर दुनिया में कुछ भी नहीं है। अधीक्षक डॉ. सुजीत राय ने कहा कि वृद्घाश्रम पर ऐसे कार्यक्रम की शुरूआत इस लिए की गई है कि इसके माध्यम से यहां रहने वाले वृद्घजनों में नई ऊर्जा का संचार होगा। प्रतिमाह यहां रहने वाले दो बुजुर्गों का जन्मोत्सव मनाया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान यहां रहने वाले दो दर्जन भर वृद्घजन काफी खुश नजर आये और एक दूसरे को ऐसे कार्यक्रम की शुरूआत होने पर तालियां बजा कर बधाईयां दी। इस अवसर पर एसएस मिश्रा, भीम निषाद, अशोक यादव, भुआल यादव, बाबूलाल, पुष्पा, विमला, मीरा आदि मौजूद रहे।