सगड़ी (आजमगढ़)।
तहसील क्षेत्र में स्थापित गेहूं क्रय केंद्रों का एसडीएम पंकज कुमार श्रीवास्तव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर बोरो की उपलब्धता का सत्यापन करने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की भी बारीकी से जांच की। क्रय केंद्रों पर डंप पड़े गेहूं की जल्द से जल्द डिलेवरी का निर्देश भी दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों से गेहूं की खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
एसडीएम ने भुवना बुजुर्ग गांव स्थित गेहूं क्रय केंद्र से निरीक्षण की शुरुआत की। जहां गोदाम गेहूं से भरा पाया गया। जिस पर उन्होंने डंप गेहूं को जल्द से जल्द डिलेवरी करने का फरमान सुनाया ताकि किसानों से गेहूं की खरीद आगे भी जारी रखी जा सके। नरहन खास केंद्र के निरीक्षण के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष 8540 कुंतल गेहूं की खरीद पाई गई। यहां का लक्ष्य 10 हजार कुंतल गेहूं की खरीद का है। गेहूं की डिलेवरी रुकी होने से यहां खरीद का काम प्रभावित मिला। एसडीएम ने दोनों केंद्रों पर बोरो की उपलब्धता का भी सत्यापन किया। इसके साथ ही किसानों से मिल कर उनकी बातें भी सुनी। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर किसानों के गेहूं की खरीद में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न की जाए। यहीं कोई शिकायत मिली तो संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी किसानों से गेहूं की खरीद करने का भी निर्देश केंद्र प्रभारियों को दिया। एसडीएम के इस निरीक्षण से क्रय केंद्रों पर हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।