ठेकमा। विकास खंड ठेकमा क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे 20 विद्यालयों को शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार ने बंद करा दिया। इसके साथ ही उन्होंने 37 अन्य विद्यालयों को बंद करने के लिए प्रबंधकों को नोटिस जारी की।
नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 एवं उत्तर प्रदेश नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार नियमावली 2011 में निहित प्रावधान के अनुसार नर्सरी से कक्षा और तक हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों का संचालन बिना मान्यता प्राप्त किए नहीं किया जाएगा। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ठेकमा द्वारा न्याय पंचायत समंवयकों के माध्यम से बिना मान्यता के संचालित प्रबंधकों को पहले ही निर्देशित किया जा चुका है। निर्देश के अनुपालन के क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी ठेकमा विश्वजीत कुमार ने शुक्रवार को गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कार्रवाई करते हुए 20 से ज्यादा स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया। उन विद्यालयों के बच्चों का नामांकन नजदीक के परिषदीय विद्यालय में कराया। जिन बच्चों का नामांकन नहीं हो पाया उसके लिए उन्होंने न्याय पंचायत समंवयकों और संबंधित प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया गया है कि बचे हुए बच्चों का नामांकन कराकर सूची कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी ठेकमा पर जमा कराएं। उन्होंने गैर मान्यता प्राप्त संस्थानों के संचालकों को कड़ी हिदायत दी गई कि अगर भविष्य में स्कूल का संचालन अवैध रूप से करेंगे तो एक लाख रुपया जुर्माना लगाने के साथ ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान उन्होंने शिवशक्ति शिक्षण संस्थान भदसारी, शिवाजी शिक्षा निकेतन ठेकमा, आदर्श सरस्वती शिक्षा मंदिर बरदह, आदर्श विद्या मंदिर बरदह, बाबा विश्वनाथ पब्लिक स्कूल बरदह, रामरती चिल्ड्रेन स्कूल बरदह, सिटी मांटेसरी स्कूल बरदह, मानवता देवी इंटर कालेज मुड़हर, सागर प्राथमिक विद्यालय भीरा, आइडियल मेमोरियल पब्लिक स्कूल इशहाकपुर, जय भोले बाबा शिशु मंदिर, फोटान पब्लिक स्कूल दुलारगंज, परमपिता परमेश्वर स्कूल, मदरसा दारुल उलूम दरियापुर, सरस्वती विद्या मंदिर बरदह, बाबा सहदेव सिंह स्मारक प्राथमिक स्कूल सरावां, सागर प्राथमिक विद्यालय भीरा, सरस्वती ज्ञान मंदिर भीरा सहित 20 से ज्यादा स्कूल बंद करा दिया गया। महाजन चिल्ड्रेन एकेडमी के स्कूल वाहन को सीज करने के लिए परिवहन विभाग को लिखा गया। जिन विद्यालयों को नोटिस दी गई उनमें पतिराम मेमोरियल पब्लिक स्कूल जिवली, मां कर्मा पब्लिक स्कूल सहनूडीह, विश्वनाथ पब्लिक स्कूल भूलनडीह, सन ब्राइट स्कूल असवनियां, सरस्वती शिशु मंदिर गोड़हरा, वसीम खान जूनियर हाइस्कूल मुक्तिपुर, जमुना प्रसाद कांवेंट स्कूल हरिश्चंद्रपुर, प्रेमा राय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुड़हर, रसना देवी प्राथमिक विद्यालय गोड़हरा, विवेकानंद पूर्व माध्यमिक बीकापुर सहित 37 विद्यालयों को नोटिस दी गई।