फरिहां। एसडीएम निजामाबाद वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में शनिवार को निजामाबाद थाने के फरिहां पुलिस चौकी पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें ग्रामीणों ने क्षेत्र के फरीदाबाद मोड़ पर फोर्स तैनात करने की मांग की। साथ ही फरिहां सहित आसपास के शराब की दुकानों को होली से दो दिन पूर्व ही बंद कराने को कहा।
इसके पीछे ग्रामीणों का तर्क रहा कि दो वर्ष पूर्व निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर गांव में पांच रुपये के ऑटो रिक्शा किराए की वजह से हुई सांप्रदायिक हिंसा की नींव होली के दिन फरीदाबाद मोड़ पर ही पड़ी थी। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनने के बाद एसडीएम ने कहा कि लोगों की मांगों पर विचार किया जाएगा। बैठक में मौजूद सीओ सदर मो. अकमल खां ने कहा कि होली आपसी भाईचारगी का त्यौहार होता है। इसलिए सभी लोग प्रेमभाव से इस त्यौहार को मनाएं। कहीं किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत हो तो कानून व्यवस्था अपने हाथ में न लेकर पुलिस को सूचना दें। पर्व में खलल डालने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। सीओ ने कहा कि यदि किसी का मन रंग लगवाने का है तो उसे लगाएं। जो कोई रंग लगाने का विरोध कर रहा उसे कत्तई न लगाएं। सीओ ने कहा कि त्यौहार के अवसर पर तेज आवाज में डीजे बजाने की किसी को अनुमति नहीं दी गई है। डीजे बजाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव, लालजीत यादव, राम बुझारत यादव, जेडी यादव, शाहिद प्रधान, मोहम्मद ताहिर उर्फ मन्नू, डॉ इरफान अहमद, डॉ इमरान आदि लोग मौजूद रहे।