आजमगढ़। प्राथमिक विद्यालयों में पढने वाले बच्चों को अंग्रेजी स्कूलों की भांति सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन ने नई योजना बनाई है। जिसके तहत प्रत्येक ब्लाक के पांच-पांच प्राथमिक विद्यालयों को नये शिक्षण सत्र से तब्दील किया जाना है। जिले के सभी ब्लाकों में विद्यालयों का चयन हो चुका है, लेकिन कई विद्यालयों के चयन में मानक की अनदेखी सामने आ रही है।
शासन की नई योजना के तहत नये शिक्षण सत्र से जिले में कुल 115 परिषदीय विद्यालयों में अंग्रेजी स्कूलों की तर्ज पर पठन-पाठन होना है। विद्यालयों के चयन का कार्य पूरा हो चुका है और बेसिक शिक्षा विभाग विद्यालयों की सूची शासन को भेज चुका है। लेकिन कई स्थानों पर मानक की अनदेखी सामने सामने आ रही है। सठियांव ब्लाक क्षेत्र में चयनित विद्यालयों में प्राथमिक विद्यालय शाहगढ़, दाउदपुर, च्यूटही, मुबारकपुर और दौलतपुर का चयन किया गया है। ऐसे विद्यालय के चयन की बात कही गई थी जहां तक पहुंचने के लिए रास्ता हो। लेकिन चयनित प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर तक पहुंचने के लिए आज तक रास्ता नहीं बन सका है। शिक्षक और बच्चे खेत की मेड़ से होकर विद्यालय पर पहुंचते है। वही एसडीआई क्षमाशंकर पांडेय पांडेय का कहना है कि रास्ते की समस्या को दूर करा लिया जाएगा। वैसे इन विद्यालयों के चयन में मानक की कहीं भी अनदेखी नहीं की गई है।