आजमगढ़। हिन्दू युवा वाहिनी की बैठक रविवार को सिधारी स्थित कार्यालय पर हुई। जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में कुछ फर्जी लोगों द्वारा संगठन का कार्यकर्ता बता कर अधिकारियों को पत्रक आदि देने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई और ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का भी निर्णय लिया गया।
प्रदेश संयोजक डॉ. राकेश राय ने कहा कि कुछ मौकपरस्त लोग खुद को संगठन का पूर्व पदाधिकारी बता कर अधिकारियों के यहां पत्रक आदि दे रहे है। ऐसे लोगों के खिलाफ संगठन अब सख्त कार्रवाई करेगा। जो कोई भी खुद को पूर्व पदाधिकारी बता रहा है, उनके खिलाफ संगठन की तरफ से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज में भ्रम फैला कर वर्तमान सरकार को बदनाम करने का काम कर रहे है। जिला प्रभारी विरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का काम हिन्दू युवा वाहिनी कार्यकर्ता करें। कोई भी व्यक्ति भूख व ठंड से न मरे, इसके लिए हियूवा कार्यकर्ता तत्पर रहे। जगदंबा बाबा ने कहा कि महाराष्ट्र के भीमा-कोरे गांव में हुई घटना की न्यायिक जांच कराने का निर्देश वहां की सरकार ने दे दिया है। इसके बाद भी कुछ मौका परस्त लोग इस मुद्दे पर अपनी राजनीति चमकाने में जुटे है। अंत में संगठन के महामंत्री मनोज सिंह के पिता सूर्यभान सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। इस अवसर पर राजेश यादव, डॉ. सदानंद सिंह, हरिओम सिंह, योगेंद्र सिंह, अजय श्रीवास्तव, विनोद सोनकर, चक्रमणि त्रिपाठी, प्रमोद सिंह, विनोद मौर्य, संजय, बालकृष्ण, आशुतोष, अशोक, अजय, दिनेश, परीक्षित सिंह आदि मौजूद रहे।