बलरामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के अहिबरनपुर, बद्दोपुर और सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर बाजार के पास बीते चौबीस घंटे के भीतर हुए तीन सड़क हादसों में आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। जबकि दुधमुंहे बालक सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
मृत बालक मनीष कुमार (8) पुत्र रामनरेश शहर कोतवाली क्षेत्र के अहिबरनपुर गांव का निवासी था। मंगलवार की शाम वह घर के पास खेल रहा था। तभी उधर से गुजरी अनियंत्रित बाइक से टक्कर लगने से वह घायल हो गया। परिवार के लोग उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। मनीष कक्षा तीन का छात्र था। इसीक्रम में बिलरियागंज थाना क्षेत्र के करमैनी गांव निवासी मुमताज (38) पुत्र अलाउद्दीन उसकी मां असगुननिशा (65), अनिसा (35) पत्नी मुल्तान उसका डेढ़ वर्ष का बेटा बकर मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना थाने के वलीदपुर गांव निवासी गुलाब (45) पुत्र स्व. बालचंद के आटोरिक्शा में बैठकर बुधवार की दोपहर आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर गांव के पास आटोरिक्शा में अनियंत्रित कार से टक्कर लगने से आटो में सवार सभी लोग घायल हो गए। इसीक्रम में जहानागंज थाना क्षेत्र के सुंभी गांव निवासी इस्लाम (60) बुधवार की सुबह साइकिल से कहीं जा रहा था। इस्लाम की साइकिल में अज्ञात वाहन से टक्कर लगने से वह घायल हो गया। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।