आजमगढ़। सोमवार की शाम को बादल झमाझम बरसे। शाम को हुई बारिश से शहर में नालियां उफना गई और सड़कों पर जलभराव हो गया। उधर लालगंज में हुई बारिश के बाद सीएचसी परिसर में जलभराव हो गया। मेन गेट पर जलभराव होने से लोग अस्पताल के अंदर नहीं जा पा रहे थे।
सोमवार को सुबह से ही आसमान पर बदलों की आवाजाही जारी थी। दोपहर तक तीखी धूप खिली रही। तीन बजे के बाद आसमान पर काले बादल दिखने लगे। शाम को लगभग साढ़े छह बजे अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे तक गरज के साथ बारिश जारी रही। उधर झमाझम हुई बारिश से शहर के नाले और नालियां उफना गए। सड़कों पर नाले के पानी के साथ कूड़ा-कचरा भी आ गया। बारिश बंद होने के बाद गंदा पानी तो हट गया। लेकिन कचरा पड़ रहा। इससे उठ रही दुर्गंध से आस-पास के लोग परेशान रहे। लालगंज संवाददाता के अनुसार कस्बा लालगंज के समीप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकरगाढ़ में जलनिकासी के लिए बना नाला जाम है। बारिश के बाद अस्पताल के मेनगेट सहित आसपास जलभराव हो गया। मेन गेट के पास जलभराव होने से मरीज सहित उनके परिजनों को अस्पताल में जाने में परेशानी हो रही थी। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. मनोज ने बताया कि 100 बेड के अस्पताल का निर्माण चल रहा है। बालू, गिट्टी आदि रखे जाने के कारण नाली पूरी तरह से जाम हो गई है। कोई व्यवस्था करके जल्द ही नाली साफ कराई जाएगी।