आजमगढ़। नगर के सिविल लाइन स्थित कैंप कार्यालय में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने संस्थापक अध्यक्ष डा. श्याम प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई। भाजपाजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
क्षेत्रीय मंत्री गोरखपुर क्षेत्र व पूर्व जिलाध्यक्ष सहजानंद ने कहा कि पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष रहे डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राष्ट्रवादी सोच से ही पार्टी की स्थापना हुई थी। वर्तमान में उनके बताए गए मार्ग पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से आज केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी युगदृष्टा थे। कम उम्र में ही वह कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने और राजनीति में प्रवेश किया। आजादी के बाद प्रथम मंत्रिमंडल में महात्मा गांधी जी के अनुरोध पर उन्होंने उद्योग मंत्री पद को गौरवान्वित किया था। देश में कई बड़े उद्योगों की स्थापना उन्हीं की देन है। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर विक्रम सिंह पटेल, विद्याधर श्रीवास्तव, तेजप्रताप सिंह, राजेंद्र सोनकर, जनार्दन सिंह, मयंक श्रीवास्तव, रितेश सिंह, प्रहलाद राय, विशाल श्रीवास्तव, मनोज गिरी, अंकित राय, चंद्रहास राय, अजित यादव, दिनेश चौहान, राजमन राय आदि मौजूद रहे।