आजमगढ़ जनपद में शनिवार को 11 और लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। नये संक्रमितों में तीन सिधारी के हैं। ये एक विद्यालय के प्रबंधक समेत उनके परिवार के हैं। इस परिवार के एक सदस्य कुछ दिनों पहले संक्रमित मिले थे। अब प्रबंधक समेत तीन और लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इसके साथ ही मिर्जापुर के मुंडियार का एक और कोरोना संक्रमित पाया गया है। फूलपुर के हथनौरा खुर्द में एक संक्रमित मिला है। तरवां के नवरसिया में आशा बहू समेत दो और मेंहनाजपुर में एक संक्रमित मिला है। वहीं, रविवार को वाराणसी में एक और इलाज के दौरान एक बुजुर्ग में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, रविवार शाम को डिप्टी सीएमओ और उनकी पत्नी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि नए संक्रमितों में तीन शहर के सिधारी में मिले हैं और एक ही परिवार के हैं। इस परिवार में कुछ दिनों पहले एक मेडिकल स्टोर संचालक संक्रमित मिले थे। इसके बाद परिवार की सैंपलिंग कराई गई थी। इसमें एक विद्यालय के प्रबंधक, उनके पुत्र और भाई संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही फूलपुर के हथनौरा खुर्द में एक युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
वो सीएचसी के पास स्थित मेडिकल स्टोर पर काम करता है। मिर्जापुर ब्लाक के मुंडियार में एक युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। ये गुड़गांव से 18-19 दिन पहले आया था। पिछले दिनों गांव में एक महिला के संक्रमित मिलने पर इसने भी अपनी सैंपलिंग कराई थी। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। तरवां के नवरसिया में महिला समेत दो में संक्रमण की पुष्टी हुई है।
महिला पिछले दिनों संक्रमित मिले मुंबई से आए प्रवासी की भाभी है और आशा बहू भी है। प्रवासी का पुत्र भी संक्रमित मिला है। आशा के संक्रमित मिलने से गांव के साथ ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। उधर, मेंहनाजपुर के नारायणपुर के पिता-पुत्र कार से दिल्ली से आ रहे थे। दोनों ने दिल्ली में अपनी जांच कराई थी। शनिवार को यहां पहुंचने से पहले रास्ते में उन्हें पता चला कि पुत्र पॉजिटिव हैं।
सीएचसी प्रभारी से संपर्क करने पर पुत्र को आइसोलेट करा दिया गया है। पिता को लालगंज में क्वारंटीन किया गया है। वहीं, रविवार को वाराणसी के बीएचयू में इलाज के दौरान एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टी हुई है। वो शहर के हाफिजपुर का रहने वाला है। श्वास संबंधी समस्या होने पर उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया था। 27 जून को जांच के लिए उसका सैंपल लिया गया था।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी मरीजों को आइसोलेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रविवार देर शाम स्वास्थ्य विभाग में तैनात डिप्टी सीएमओ और उनकी पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने पांच-छह दिन पहले कुछ समस्या होने पर सीएमओ ने घर से ही काम करने को कहा था। रिपोर्ट आने के बाद दोनों को आइसोलेट कर दिया गया है।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जनपद में संक्रमितों की संख्या 230 पहुंच गई है। इसमें एक्टिव केस 56 हैं। 167 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। सात मरीजों की मौत हुई है।