आजमगढ़। परिवहन आयुक्त एवं मंडलायुक्त के निर्देश पर ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें कुल 1041 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया। साथ ही उनपर पांच करोड़ 73 लाख 45 हजार का जुर्माना लगाया गया है। उक्त कार्रवाई एक अप्रैल 2020 से 28 फरवरी 2021 तक की गई है। हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण अप्रैल, मई व जून माह में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ट्रक चालक अधिक कमाई के चक्कर में माल (सामान) ट्रकों में ओवरलोड कर देते हैं। ओवरलोड ट्रक सड़कें खराब तो करते हैं, साथ हादसे का कारण भी बनते है। ओवरलोड के कारण कईयों की जिंदगी की डोर टूट जाती है। इन ओवरलोड ट्रकों पर अंकुश लगाने के लिए आरटीओ द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाता है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरएन चौधरी ने बताया कि एक अप्रैल 2020 से 28 फरवरी 2021 तक कुल 1041 ओवरलोड ट्रकों का चालान किया गया। उक्त ट्रकों पर कुल पांच करोड़ 73 लाख 45 हजार का जुर्माना लगाया गया। वहीं एक मार्च से अब तक 108 वाहनों का चालान किया गया है। जिनपर साढ़े 53 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ वाहन स्वामियों ने जुर्माना भर दिया है कुछ अभी नहीं भर पाए हैं। यदि समय से वह जुर्माने की राशि नहीं भरते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।