मुबारकपुर। नगरपालिका परिषद मुबारकपुर बोर्ड की बैठक बुधवार को दोपहर बाद नगरपालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगरपालिका क्षेत्र के विकास के लिए वर्ष 2018-19 का 20 करोड़ 25 लाख का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। लेकिन बैठक में अधिशासी अधिकारी की अनुपस्थिति को लेकर सभासदों ने जमकर हंगामा किया।
सभासदों ने कहा कि अधिशासी अधिकारी के कार्यालय में नियमित न बैठने के कारण जनहित का कार्य बाधित हो रहा है। जनता को अपने कार्यों जन्म, मृत्यु प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर की नक़ल के लिए हफ्तों नगरपालिका कार्यालय का चक्कर काटना पड़ता है। सभासदों ने अधिशासी अधिकारी से प्रतिदिन कार्यालय उपस्थित रहने के लिए दबाव बनाया। इस बजट में पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ ही कर्मचारियों का वेतन, पेंशन, नाली, खड़ंजा, पानी, कीटनाशक दवाएं, प्रकाश आदि विकास कार्य शामिल हैं। पालिकाध्यक्ष करीमुन्निसा ने बजट में नगरपालिका के विस्तृत क्षेत्र अमिलो पर खास फोकस किया। बोर्ड की बैठक में नगर में चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर सभासदों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि नगर के विभिन्न मुहल्लों में सफाई कर्मी समय से नहीं पहुंचते हैं। बहुतेरे बार्डों में तो पहुंचते ही नहीं है। इस पर अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह ने कहा कि मुहल्लों में सफाई व्यवस्था में लापरवाही करने वाले सफाई कर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी के द्वारा सभी व्यवस्था को चुस्त दरुस्त किए जाने के आश्वासन पर सभासद शांत हुए।