आजमगढ़। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती की परेशानी से आमजनता निश्चित तौर पर रूबरू होगी। दिसंबर माह के बाद ही शहर वासियों को निर्वाध बिजली की सप्लाई शुरू हो सकेगी। अभी दस माह से अधिक समय तक बिजली की समस्या से लोगों को रूबरू होना पड़ेगा।
शहर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था दुरूस्त करने को लेकर प्रदेश सरकार ने पुराने जेल के सामने स्थित जमीन पर सब स्टेशन का निर्माण करा रही है। फिलहाल जमीन समतलीकरण और बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए गड्ढा खोदने की कवायद ही हुई है। दिसंबर 2018 तक इस सब स्टेशन का निर्माण पूरा होना है। इस सब स्टेशन में पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाये जाएंगे। जिससे पूरे शहर क्षेत्र में बिजली की सप्लाई सरकार की मंशा के अनुरूप निर्वाध रूप से की जाएगी। गर्मी के मौसम में इस बार भी बिजली रानी शहर वासियों को रूलायेगी। लोकल फाल्ट, ओवरलोडिंग के चलते गर्मी के मौसम में अघोषित कटौती सुनिश्चित है। बिजली विभाग की माने तो सब स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विभाग शहर क्षेत्र में निर्वाध रूप से बिजली की सप्लाई करने में सक्षम हो जाएगा। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि 260 लाख की लागत से सब स्टेशन का निर्माण होना है। कार्य शुरू हो चुका है बाउंड्रीवाल बनते ही ट्रांसफार्मर और अन्य मशीनों को स्थापित कराये जाने की कवायद शुरू कर दी जाएगी।