विद्युत वितरण खंड सगड़ी के बनकट और महुवी उपकेंद्रों से एक सप्ताह के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इससे क्षेत्र के करीब 10 हजार 500 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। दोनों उपकेंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 33 केवी लाइन का काम अंतिम चरण में चल रहा है।
सगड़ी क्षेत्र के बनकट और महुवी में करीब एक साल से उपकेंद्रों का निर्माण कराया जा रहा था। अधिशासी अभियंता संतोष तिवारी ने बताया कि उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए लंबे समय से दोनों स्थानों पर उपकेंद्र बनाने की मांग चल रही थी।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि बनकट उपकेंद्र में पांच-पांच एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। यहां तीन फीडर बनाए गए हैं, जिनसे करीब छह हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाएगी।
इस उपकेंद्र को हाफिजपुर से 33 केवी लाइन के जरिये जोड़ा जाना है। लाइन का थोड़ा काम शेष है, जिसे एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसी तरह सरदहां के पास महुवी में भी उपकेंद्र बनकर तैयार हो चुका है। यहां दो फीडरों के माध्यम से करीब साढ़े चार हजार उपभोक्ताओं को बिजली मिलेगी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि दोनों उपकेंद्रों को एक सप्ताह के भीतर चालू करने की तैयारी है। इनके शुरू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का दबाव कम होगा और उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिल सकेगी। दोनों उपकेंद्रों पर 11 केवी के पांच फीडर बनाए गए हैं।
00 वर्जन
एक सप्ताह में बनकट और महुवी उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। 33 केवी की लाइन का काम अंतिम चरण में चल रहा है। इससे करीब 10 हजार पांच सौ उपभोक्ताओं को लाभ होगा। -संतोष तिवारी, अधिशासी अभियंता सगड़ी।