आजमगढ़। दीपावली त्योहार के मद्देनजर प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग और पूर्ति विभाग अलर्ट मोड पर हैं। टीम ने शनिवार को तहबरपुर व निजामाबाद थाना क्षेत्र में मिठाई के गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने मिलावटी मिठाई बनाने वाले गिरोह को धरदबोचा। पुलिस ने गोदामों से करीब 100 क्विंटल मिलावटी मिठाइयां व उसे बनाने में प्रयुक्त समान बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों में आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, लखनऊ व आगरा जनपद के निवासी हैं।
तहबरपुर थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना मिली की समेरा गांव में प्रदीप मद्धेसिया के घर कुछ लोग मिलकर भारी मात्रा में मिलावटी मिठाइयां बनाने के लिए भंडारण किया जा रहा है। पुलिस सक्रिय हुई और रात करीब एक बजे जमालपुर मद्धेसिया गांव में जा धमकी। जहां से दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की मिल्क केक, रंगीन बर्फी, डोडा बर्फी, बादाम रोल कुल 80 क्विंटल अपमिश्रित मिठाई, 21 डिब्बा केमिकल, चीनी 54 बोरी, सूजी 24 बोरी, दूध आदि बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों में हुसैनाबाद गांव निवासी जय प्रकाश, सूरज गौंड, बरना गांव निवासी अशोक वर्मा व आगरा जनपद के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के बरना गांव निवासी धीरज वर्मा, मेघनाथ, कालीचरन, निरंजन, केशव, जगराम व लवकुश शामिल रहे।
वहीं निजामाबाद थाने की पुलिस को भी जरिए मुखबीर सूचना मिली कि प्रदीप मद्धेसिया के घर कुछ लोग मिलकर भारी मात्रा में अपमिश्रित मिठाइयों का निर्माण व विक्रय के लिए भंडारण किया जा रहा है। पुलिस सक्रिय हुई और रात करीब 2.10 बजे सेमरा गांव में स्थित गोदाम में छापा मारा।
इस दौरान पुलिस ने सेमरा गांव निवासी सुनील उर्फ सोनू, सिद्धार्थनगर जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र के घोसवा गांव निवासी विमल मिश्रा, लखनऊ जनपद के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के बलदेवखेड़ा गांव निवासी अंकित पाल व अमित पाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस दौरान डोडा बर्फी चार क्विंटल, दो क्विंटल पेड़ा, तीन क्विंटल कलाकंद, आठ क्विंटल छेना मिठाई, तीन क्विंटल सोनपापड़ी, 15 लीटर के कुल 80 टीन मयूर गोल्ड पामोलीन आयल, 3500 किग्रा सूजी, 50 केजी के आठ बोरी चीनी आदि बरामद की गई।