आजमगढ़। कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जनपद में अनलॉक-1 30 जून तक लागू है। अन्य प्रदेशों से अब तक जनपद में 1.70 लाख प्रवासी श्रमिकों का आगमन हुआ है। डीएम राजेश कुमार ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों की स्किल मैपिंग कराकर विभिन्न विभागों को प्रवासी श्रमिकों की सूची उपलब्ध कराई गई है। निर्देश दिए गए हैं कि प्रवासी मजदूरों को स्किल मैपिंग के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराएं।
मनरेगा के तहत 31 मई तक जनपद में कार्यरत कुल श्रमिकों की संख्या 1,03,417 थी। 15 जून को कुल 1,47,376 श्रमिक कार्यरत हैं। दो हफ्ते में लगभग 44000 श्रमिकों की संख्या बढ़ी है। 31 मई तक 20,158 प्रवासी श्रमिकों को जाबकार्ड निर्गत किया गया था। इसके सापेक्ष 2,95,440 रोजगार उपलब्ध कराया गया था। 15 जून तक कुल प्रवासी श्रमिकों को 35,224 जाबकार्ड निर्गत किया गया है। इसके सापेक्ष 3,59,454 रोजगार दिवस का सृजन किया गया है। दो हफ्तों में लगभग 15 हजार प्रवासी श्रमिकों को जाबकार्ड निर्गत किए गए हैं और लगभग 64 हजार रोजगार दिवस का सृजन किया गया। डीएम ने बताया कि हमारी कोशिश है कि मनरेगा के अन्तर्गत प्रवासी श्रमिकों को उनके घर के आस-पास ही रोजगार दिलाया जाए।
लक्ष्य के सापेक्ष 155 फीसद मानव दिवस का सृजन
डीएम ने बताया कि मनरेगा के तहत वर्ष 2020-21 में 17.19 लाख मानव दिवस सृजन करने का वार्षिक लक्ष्य रखा गया है। इसमें 15 जून तक मानव दिवस सृजन करने का लक्ष्य 16.33 लाख है। इसके सापेक्ष 25.31 लाख मानव दिवस सृजित कर रोजगार दिया गया है, जो लक्ष्य का 155.01 प्रतिशत है। 15 जून को कुल 1,47,376 मानव दिवस सृजन कर रोजगार दिया गया है।