बीकापुर। प्रतिष्ठान से घर लौट रहे एक व्यवसायी पर जानलेवा हमला किया गया। व्यवसायी ने अपनी सूझबूझ से भागकर अपनी जान बचाई। यह घटना रविवार रात करीब नौ बजे हुई।
तोरोमाफी, दराबगंज निवासी आरिफ अली (21) की कनकपुर झगरौली में दुकान है। रविवार रात वह दुकान बंद कर एसयूवी से घर आ रहे थे। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के डड़वा, तोरोमाफी के पास करीब आधा दर्जन लोगों ने हमला किया। हमलावरों के पास रॉड और लाठी-डंडे थे। उन्होंने आरिफ की एसयूवी के अगले हिस्से पर हमला किया। वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे टूट गए। आरिफ खतरा भांपकर तेजी से वाहन लेकर भागे। उन्होंने घर पहुंचकर ग्राम प्रधान और परिजनों को जानकारी दी। उनके वाहन में रखे करीब दो लाख रुपये नकद सुरक्षित थे।
आरिफ ने रात में ही ग्राम प्रधान के साथ बीकापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सोमवार सुबह बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आशंका है कि एक सप्ताह पूर्व हुए पुराने विवाद में हमला किया गया।