अयोध्या। शहर के एक निजी अस्पताल के संचालक और ऑर्थो सर्जन डॉ. एसएम द्विवेदी को गाली देने व धमकाने का मामला सामने आया है। चिकित्सक की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एफआईआर में डॉ. एसएम द्विवेदी ने बताया कि अभिषेक सिंह नामक व्यक्ति उनके अस्पताल की महिला कर्मचारी को लेकर अन्य कर्मचारियों को फोन पर गालियां देता है। उन्हें फोन करके संबंधित कर्मचारी के साथ हिसाब से काम करने देने का दबाव बनाता है। उसका वेतन बढ़ाने के लिए भी दबाव डालता है। उसके बार-बार कॉल करने से उन्होंने उसके सभी फोन नंबर ब्लॉक कर दिए थे।
रविवार को वह लखनऊ से लौट रहे थे। इस बीच आरोपी ने अनजान नंबर से कॉल की और अपना नंबर ब्लॉक करने को लेकर गाली व जान से मारने की धमकी देने लगा। नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।