अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या प्रवास के दौरान जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। सरयू अतिथि गृह में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों से विकास कार्याें के अपडेट के साथ सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया।
सीएम योगी ने चल रही सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।
सरयू अतिथि गृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक की जानकारी देते हुए डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि अयोध्या में जितने भी विकास कार्य चल रहे हैं, मुख्यमंत्री ने उसका अपडेट लिया है। साथ ही निर्देशित किया है कि सभी परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से पूरी की जाएं।
सीएम ने कहा कि रामनगरी आने वाले जितने भी श्रद्धालु और यात्री हैं, उनकी सुविधा और सुगमता पर फोकस रखा जाए। शहर का और किस प्रकार से सुंदरीकरण कर सकते हैं, उस पर ध्यान केंद्रित करें। स्वयंसेवी संस्था, नागरिक संगठन, जनप्रतिनिधि और मीडिया के लोगों से सुझाव लेकर अयोध्या के विकास की नई संभावनाएं तलाशी जाएं।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में यहां जितने भी प्रमुख धार्मिक स्थान हैं और जो भी श्रद्धालु देश-दुनिया से अयोध्या आते हैं, सभी की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। जो सिक्योरिटी फोर्स लगी हुई हैं, उनमें बेहतर समन्वय बनाते हुए अयोध्या धाम की संवेदनशीलता के अनुसार सजग रखा जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों के साथ बैठक में राम मंदिर की संवेदनशीलता को देखते हुए इसके आसपास ड्रोन की गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। रामजन्मभूमि परिसर के एंटी ड्रोन सिस्टम को हर वक्त एक्टिव रखा जाए। पंचकोसी और 14 कोसी मार्ग का निर्माण जल्द पूरा करवाएं। अयोध्या धाम में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर करें। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए नए उपाय प्रभावी किए जाएं। बैठक में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त संतोष शर्मा व अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्वनी पांडेय मौजूद रहे।