अयोध्या। नेशनल टास्क फोर्स के चेयरमैन डॉ. अशोक भारद्वाज ने मेडिकल कॉलेज के डीआर टीबी सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के सभी विभागों की ओपीडी में पहुंचे पांच प्रतिशत मरीजों का एक्सरे व नाट टेस्ट कराने सलाह दी। साथ ही वार्ड में भर्ती मरीजों का टीबी स्क्रीनिंग कराने के लिए निर्देशित किया।
इससे पहले उन्होंने डीआर टीबी सेंटर के नोटिफिकेशन रजिस्टर, लैब रजिस्टर और वार्ड का निरीक्षण किया। सेंटर की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार के साथ बैठक करके वार्ता की। इसके अलावा बिना टीबी के लक्षण वाले शुगर, ब्लड प्रेशर, एचआईवी के मरीजों व तंबाकू का सेवन करने वालों की स्क्रीनिंग करने के लिए निर्देशित किया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संदीप शुक्ला ने बताया कि नौ से 20 सितंबर तक जिले में सक्रिय टीबी खोजी अभियान चलाया जाएगा। इस कार्य में 209 टीम लगाई जाएगी। 42 सुपरवाइजर इस अभियान की निगरानी करेंगे। निरीक्षण के लिए डॉ. एसके वर्मा, डॉ. अंजुमन चौधरी, विश्व स्वास्थ्य संगठन की डॉ. अंजलि, डॉ. प्रीति, डॉ. स्नेहांशु शुक्ला आदि मौजूद रहे।