मया बाजार। पति के साथ रिश्तेदारी में जा रही बाइक सवार महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वाहन को कब्जे में लेने की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने अयोध्या-अंबेडकरनगर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा देकर मार्ग जाम खुलवाया।
घटना महराजगंज थाना क्षेत्र के बाकरगंज बाजार में हुई। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के रामपुर पुवारी निवासी सूर्यभान यादव पत्नी जयंत्री देवी (35) को लेकर अवसानपुर स्थित कौवाडाड गांव जा रहे थे। बाकरगंज बाजार पहुंचते ही अयोध्या से अंबेडकरनगर की तरफ जा रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही जयंत्री देवी की मौत हो गई। मृतका दो बच्चों की मां बताई जाती है। घटना की जानकारी होते ही सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। महाराजगंज पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए यातायात बहाल कराया।