सड़क बनाने के लिए रखी गई सामग्री।
सोहावल। रेलवे क्रासिंग सोहावल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सुरक्षित पहुंचना आसान नहीं था। टूटी सड़क पर बिखरी गिट्टियां हालत खराब कर देती थीं, लेकिन जर्जर सड़क को लकदक बनाने का कार्य अब शुरू हो गया है। मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को दिक्कतों से अब जल्द ही निजात मिलने वाली है।
यह सड़क रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए ही मुख्य मार्ग है। खराब सड़क के कारण एंबुलेंस संचालन में भी दिक्कतें आ रही थीं। मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी होती थी। क्षेत्रीय लोगों और समाजसेवियों की ओर से लगातार इस सड़क की बदहाली को लेकर आवाज उठाई जा रही थी। अमर उजाला में सात फरवरी को इस संबंध में खबर प्रकाशित हुई थी। समाजसेवी लाल मोहम्मद और अभिषेक सिंह टिंकू ने सड़क की दुर्दशा पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। उनके प्रयासों के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। इसके परिणामस्वरूप अब निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि यह कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा होगा। इससे आने वाले समय में मरीजों, तीमारदारों और आमजन को बड़ी राहत मिल सकेगी। यह मार्ग क्षेत्र के विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।