अयोध्या। लोक आस्था के महापर्व छह के तीसरे दिन सोमवार को व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। जब एक साथ हजारों हाथ सूर्य को अर्घ्य देने के लिए उठे तो सरयू के घाट पूरी तरह से पूर्वांचल के रंग में रंगे नजर आए। महिलाओं ने सूर्य देव और सरयू मइया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। मंगलवार सुबह छठ व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके साथ ही उनके व्रत का पारण होगा।
छठ महापर्व के तीसरे दिन सरयू के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। चारों ओर हे छठ मइया हर ली बलइयां हमार.... रिमिक, झिमिक बोलेली छठ मइया... सुनिह अरज छठ मइया, बढ़े कुल परिवार... जैसे छठ गीत गूंज रहे थे। दोपहर दो बजे से ही घाटों पर व्रती महिलाओं की भीड़ जुटने लगी। कोई मन्नत के लिए लेटकर पहुंच रहा था तो कोई ढोल नगाड़ों के साथ। तमाम महिलाएं बैंड-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचीं। कुछ देर पानी में खड़े होने के बाद शुभ मुहूर्त में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। व्रती महिलाओं के पैर छूने के लिए भी होड़ सी लगी रही। जगह-जगह बने सेल्फी प्वाइंट पर उत्सव के माहौल को कैमरे में कैद करने की भी होड़ रही। सरयू के गुप्तारघाट व अयोध्याधाम के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। घाटों पर प्रशासन की ओर से प्रकाश व सफाई की व्यवस्था की गई थी।
घर में भी भरी गई कोसी
सरयू के घाटों पर पूजन संपन्न होने के बाद महिलाएं घर में लेपन करने के लिए घाटों से जल व मिट्टी साथ ले गईं। घर में भी कोसी भरकर पूजा की गई। व्रतियों ने मन्नत पूरी होने के बाद छठ माता के प्रति आस्था निवेदित करते हुए कोसी भरी। माताओं ने कोसी पर दीप जलाकर छठ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ व्रतियों की सेवा के लिए कुछ समाजसेयी संगठनों ने कैंप भी लगा रखा था।
दीपदान व महाआरती से रोशन हुए घाट
छठ पर्व के बीच शाम 6:30 बजे जैसे ही मां सरयू की महाआरती शुरू हुई, बड़ी संख्या में भक्तों का सैलाब आरती घाट पर भी उमड़ पड़ा। मां सरयू की आरती से पूरा घाट गुंजायमान होने लगा। इस बीच महाआरती के दर्शन की होड़ सी मच गई। छठ पर्व में शामिल होने आई व्रती महिलाओं सहित अन्य श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा घाट पटा रहा। दीपदान व महाआरती की लौ से घाट रोशन हो रहे थे।
उगते सूर्य को अर्घ्य आज
मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ पर्व का समापन हो जाएगा। सूर्योदय का समय प्रात: 5:33 बजे से है। सुबह 6:30 बजे तक अर्घ्य देने का शुभ मुहूर्त है। सुबह सरयू के घाटों पर अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी।
39-छठ पर्व पर पूजन करतीं महिलाएं।-संंवाद
39-छठ पर्व पर पूजन करतीं महिलाएं।-संंवाद
39-छठ पर्व पर पूजन करतीं महिलाएं।-संंवाद
39-छठ पर्व पर पूजन करतीं महिलाएं।-संंवाद
39-छठ पर्व पर पूजन करतीं महिलाएं।-संंवाद