फोटो-14- गोसाईगंज कस्बे में खुली दुकानें
गोसाईगंज। जनपद में वर्ष 2026 के लिए बाजारों में साप्ताहिक बंदी के दिन डीएम निखिल टीकाराम फुंडे के आदेश से तय कर दिए गए हैं। प्रत्येक बाजार में सप्ताह में एक दिन पूर्ण बंदी का प्रावधान किया गया है। इसी क्रम में गोसाईगंज कस्बे के लिए शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी का दिन निर्धारित किया गया है, लेकिन हकीकत में यह आदेश केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रहा है।
शुक्रवार को गोसाईगंज बाजार में अधिकांश दुकानें खुली रहीं। किराना स्टोर, होजरी, कपड़ा, लोहे के भंडार, थोक मंडी, आटा चक्की, तेल मशीन, अगरबत्ती व मसाला उद्योग सहित छोटे-बड़े कुटीर उद्योग सामान्य दिनों की तरह संचालित होते रहे। बंदी नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों और मजदूर वर्ग को झेलनी पड़ती है, जिन्हें साप्ताहिक अवकाश का लाभ नहीं मिल पाता।
साप्ताहिक बंदी की निगरानी के जिम्मेदार श्रम विभाग के अधिकारी भी बाजार में शायद ही कभी नजर आते हैं। इस संबंध में लेबर इंस्पेक्टर भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के यहां से इस वर्ष की बंदी की लिस्ट अभी नहीं मिली है मिलने पर शीघ्र ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।