यूपी के अयोध्या में भव्य वैक्स म्यूजियम को श्रद्धालु और पर्यटकों के लिए अक्तूबर में लोकार्पित किए जाने की तैयारी है। यह म्यूजियम परिक्रमा मार्ग पर 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में बन रहा है।
कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बनाने की दिशा में वैक्स म्यूजियम एक और कदम है। इस बार वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन दीपोत्सव को और भी यादगार बना देगा। यहां सड़कों का चौड़ीकरण, सरयू नदी के घाटों का सुंदरीकरण और अन्य बुनियादी ढांचों का विकास भी तेजी से हो रहा है।
म्यूजियम में रामायण के राम-रावण युद्ध, सीता हरण, हनुमान की लंका यात्रा और राम-सेतु निर्माण जैसे प्रमुख प्रसंगों को दृश्यात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। इन दृश्यों को देखकर आगंतुकों को ऐसा प्रतीत होगा, मानो वे रामायण काल में पहुंच गए हों। म्यूजियम में आधुनिक तकनीकों जैसे ऑडियो-विजुअल प्रभाव और इंटरैक्टिव डिस्प्ले का भी उपयोग किया जाएगा।
यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर संचालित है। इसे दीपोत्सव के अवसर पर आम जनता के लिए खोलने की योजना है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि इसके निर्माण की नगर निगम की ओर से लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। वैक्स म्यूजियम म्यूजियम के बनने से अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को नया आयाम मिलेगा।